home page

दुकान खाली कराने पहुंचा प्रशासन, नहीं खाली करा पाया कोई प्रतिष्ठान

 | 
दुकान खाली कराने पहुंचा प्रशासन, नहीं खाली करा पाया कोई प्रतिष्ठान


रामगढ़, 25 जून (हि.स.)। शहर के सुभाष चौक, नारायणी कॉम्प्लेक्स के पास बेहद पाॅश इलाके में स्थित एक दुकान को खाली करने को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। रामगढ़ कोर्ट से जारी एविक्शन सूट के आदेश को लेकर विवाद हो गया। पूरे दिन चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद भी न तो जिला प्रशासन की टीम दुकान खाली कर पाई और ना ही यह स्पष्ट कर पाई की जिस आदेश के तहत वे दुकान में पहुंचे हैं, वह स्थान वाकई में वहां है या नहीं। रामगढ़ कोर्ट से पहुंचे नाजीर मनोज कुमार ने बताया कि सुभाष चौक के पास, मेन रोड पर स्थित पंजाब स्टेशनरी दुकान के होल्डिंग नंबर 28/8 को खाली करने पहुंची थी। लेकिन जिस दुकान पर पूरी टीम पहुंची थी, वह दुकान सिंह स्टेशनरी के नाम पर मौजूद थी जिसका होल्डिंग नंबर 29/7 था।

कोर्ट के आदेश से पहुंची टीम और जिला प्रशासन इस बात को मनवाने के लिए पूरे दिन लगी रही कि वह सही दुकान पर पहुंचे हैं। लेकिन सुबह 10 बजे से लेकर शाम तक कोर्ट की टीम अपना सही तर्क लोगों के बीच नहीं रख पाई। अन्ततः उन्हें बैरन ही वापस लौटना पड़ा।

इस पूरे प्रकरण के बाद गुरुवार की शाम दुकान के मालिक अमरजीत सिंह रामगढ़ थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान पर भगवान मिश्रा कई लोगों के साथ जबरन दुकान खाली कराने पहुंचे थे। इस दौरान उन लोगों ने उनके साथ जोर जबरदस्ती की। साथ ही उनके सिर पर लगे काले रंग की पगड़ी भी निकाल कर फेंक दी और जूते से मसल दिया। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारा प्रधान को इस घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को पूरे मामले पर कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश