home page

नगर निगम में मार्शल की बहाली के विरोध में पार्षदों का प्रदर्शन

 | 
नगर निगम में मार्शल की बहाली के विरोध में पार्षदों का प्रदर्शन


देवघर, 20 अगस्त (हि.स.)। देवघर नगर निगम में 10 मार्शलों की बहाली की प्रक्रिया को लेकर पार्षदों ने एकजुट होकर विरोध जताया। उपमहापौर टिप चटर्जी के नेतृत्व में दर्जनों वार्ड पार्षद निगम परिसर में जुटे और बहाली प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पार्षदों का कहना था कि नगर निगम बोर्ड का गठन हो चुका है, ऐसे में बोर्ड को जानकारी दिए बिना इस तरह की बहाली की प्रक्रिया शुरू करना उचित नहीं है। पार्षदों ने यह भी सवाल उठाया कि निगम में मार्शलों की आवश्यकता क्यों महसूस की गई और उनकी नियुक्ति के पीछे निगम प्रशासन की क्या मंशा है।

उपमहापौर टिप चटर्जी ने कहा कि पार्षदों की मौजूदगी और विरोध से ही स्पष्ट है कि सभी इस प्रक्रिया से कितने नाराज हैं। उन्होंने कहा कि जब बोर्ड का गठन हो चुका है, तो बोर्ड को भी हर महत्वपूर्ण निर्णय में सम्मान और जानकारी मिलनी चाहिए। मार्शल बहाली की प्रक्रिया के संबंध में किसी भी पार्षद को जानकारी नहीं दी गई, जिससे सभी में नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि एक ओर निगम में मार्शलों की बहाली की जा रही है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों की बात आने पर फंड की कमी का हवाला दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन मार्शलों का इस्तेमाल आखिर किस उद्देश्य से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं वार्ड पार्षद अनूप बरनवाल ने कहा कि सभी वार्ड पार्षद जनता द्वारा चुनकर आए हैं, वे मनोनीत नहीं हैं। ऐसे में निगम की महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं और फैसलों की जानकारी पार्षदों को मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड को विश्वास में लिए बिना मार्शल बहाली की प्रक्रिया शुरू करना उचित नहीं है और इसी कारण सभी पार्षद इसका विरोध कर रहे हैं।

इस दौरान नगर निगम परिसर में निगम क्षेत्र के दर्जनों वार्ड पार्षद मौजूद रहे और उन्होंने बहाली प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy