बीएलओ के साथ सहयोग करें मतदाता, दें सही जानकारी : उपायुक्त
रांची, 13 जुलाई (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रांची जिले में मतदाता सूची के अद्यतनकरण के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सभी मतदाताओं से अपील की है कि जब बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) उनके घर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने पहुंचें, तो वे पूरा सहयोग करें और किसी भी स्थिति में उन्हें वापस न लौटाएं।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म भरना अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने से मतदाता का नाम बिना किसी त्रुटि के मतदाता सूची में दर्ज रहेगा और भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने मतदाताओं से फॉर्म में नाम, पिता या पति का नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर सहित सभी आवश्यक जानकारियां सही-सही दर्ज कराने और जमा करने से पहले एक बार पूरी जानकारी का मिलान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गलत, अपूर्ण या भ्रामक जानकारी देने पर भविष्य में मतदान संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी चुनाव में कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बने। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और मीडिया से भी मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

