home page

चुटूपालू घाटी में बेकाबू कंटेनर ने १२ वाहनों को मारी टक्कर, छह लोग घायल

 | 
चुटूपालू घाटी में बेकाबू कंटेनर ने १२ वाहनों को मारी टक्कर, छह लोग घायल


चुटूपालू घाटी में बेकाबू कंटेनर ने १२ वाहनों को मारी टक्कर, छह लोग घायल


चुटूपालू घाटी में बेकाबू कंटेनर ने १२ वाहनों को मारी टक्कर, छह लोग घायल


चुटूपालू घाटी में बेकाबू कंटेनर ने १२ वाहनों को मारी टक्कर, छह लोग घायल


रामगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। रांची-पटना मुख्य मार्ग अंतर्गत रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को एक बेकाबू कंटेनर ने जमकर तबाही मचाई।

ब्रेक फेल होने के कारण तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे चल रहे करीब एक दर्जन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जबकि कई वाहन पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इतने भयावह हादसे के बावजूद किसी की जान नहीं गई। दुर्घटना के बाद घाटी में अफरातफरी मच गई और करीब तीन घंटे तक भीषण जाम लगा रहा।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया गया। काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया जा सका।

जानकारी के अनुसार, कंटेनर संख्या एनएल 01 एसी 3332 रांची की ओर से रामगढ़ आ रहा था। इसी दौरान चुट्टूपालू घाटी में उसका ब्रेक फेल हो गया। गड़के मोड़ से पहले अनियंत्रित कंटेनर ने हुंडई कार संख्या बीआर 09 एडब्ल्यू 0815 और टाटा नेक्सन संख्या जेएच 01 जीटी 9914 को टक्कर मार दी। इस दौरान एक स्कूटी सवार भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचा। गड़के मोड़ से आगे बढ़ते ही कंटेनर ने तेज रफ्तार में अपने आगे चल रहे ऑटो को टक्कर मार दिया। इसके बाद ऑटो संख्या जेएच 01 जीयू 1982, जेएच 01 जीएफ 7228 सहित एक अन्य ऑटो पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कंटेनर आगे बढ़ता रहा और मारुति फ्रोंक्स, हुंडई कार संख्या जेएच 04 आर 1650 और अर्टिगा कार संख्या जेएच 01 जीआर 2430 को भी टक्कर मार दिया। अचानक हुए इस हादसे में कारों में सवार लोगों को चोटें आईं।

जमशेदपुर से बिहार के समस्तीपुर जा रही शिफा खान ने बताया कि उनका पूरा परिवार घाटी पार कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दिया। टक्कर के कारण उनकी कार और स्कूटी अनियंत्रित होकर दूसरी गाड़ी से टकरा गईं। कार में उनके पति अदनान फैजल, बहन सदफ नाज और चालक सवार थे। सभी किसी तरह सुरक्षित बच गए। इसी दौरान स्कूटी पर रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के शिरु गांव निवासी मुनेश्वर प्रजापति और उनकी पत्नी सुमन कुमारी भी सवार थीं। दोनों की जान भी बाल-बाल बची।

रांची के लालपुर से रामगढ़ आ रहे अंकित अग्रवाल ने बताया कि पीछे से आ रहे कंटेनर ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी गाड़ी सड़क पार कर दूसरे लेन में चली गई। अचानक हुई घटना से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।

वहीं हजारीबाग निवासी राहुल रंजन ने बताया कि वह घाटी में दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद के लिए रुके थे। इसी दौरान कंटेनर ने उनकी टाटा नेक्सन कार को दाहिनी तरफ से रगड़ दिया, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

हादसे के बाद चुट्टूपालू घाटी में वाहनों की लंबी कतार लग गई। रांची और रामगढ़ दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहन घंटों फंसे रहे। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से अवरोध हटाया गया और आवागमन सामान्य हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश