home page

कांग्रेस उन लोगों तक पहुंच बनाएगी जो अपनी बात सरकार तक नहीं पहुंचा पाते : कुमार राजा

 | 
कांग्रेस उन लोगों तक पहुंच बनाएगी जो अपनी बात सरकार तक नहीं पहुंचा पाते : कुमार राजा


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। रांची महानगर कांग्रेस कमेटी की नई टीम की पहली बैठक मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित हुई।

बैठक महानगर अध्यक्ष कुमार राजा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें नई कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के दौरान कुमार राजा ने कहा कि नई कमेटी का गठन सोच-समझकर किया गया है। उन्होंकने कहा कि सभी लोगों से बातचीत करने के बाद ही उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि अब संगठन में सोशल ब्रिजिंग को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में है, ऐसे में पार्टी की जिम्मेदारी है कि सरकार को आम लोगों के लिए और सुलभ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी विशेष कर उन लोगों तक पहुंच बनाएगी जो अपनी बात सीधे सरकार तक नहीं पहुंचा पाते हैं।

जनता के लिए पार्टी के दरवाजे खुला रहेंगे 24 घंटे

उन्होंने कहा कि जनता के लिए पार्टी के दरवाजे 24 घंटों खुले रहेंगे।

कुमार राजा ने रांची नगर निगम चुनाव के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस को 1,43,306 वोट मिले और पार्टी बहुत कम अंतर से हार गई। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों की तुलना में यह प्रदर्शन बेहतर रहा है और इससे साफ है कि संगठन मजबूत हो रहा है।

बैठक में चुनाव के दौरान विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मजबूती से मुकाबला करने वाले कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया गया। नई कमेटी के सदस्यों के साथ पार्टी की विचारधारा और संगठन को लेकर भी चर्चा हुई। कुमार राजा ने विश्वास जताया कि नई टीम मिलकर पिछली कमियों को दूर करेगी और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा कि रांची की जनता का विश्वास जीतना ही पार्टी का मुख्य लक्ष्य है और इसके लिए लगातार काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak