एसआईआर के विरोध में कांग्रेस का पैदल मार्च, ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला
रामगढ़, 28 सितंबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों के विरोध में सोमवार को रामगढ़ में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस कमिटी के नेतृत्व में अंबेडकर चौक से बिरसा मुंडा की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध जताया।
कार्यक्रम का नेतृत्व रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी की जिलाध्यक्ष सह रामगढ़ विधायक ममता देवी ने किया। अंबेडकर चौक से निकला पैदल मार्च बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समीप पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की गई। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली और डेटा प्रबंधन की भी स्वतंत्र तकनीकी एवं संस्थागत समीक्षा कराने की मांग रखी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और किसी नाम को हटाने से पहले पारदर्शी सत्यापन, आपत्ति और सुनवाई का प्रभावी अवसर मिलना जरूरी है। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर एसआईआर 2026 के तहत मतदाता सूची खोजने, दस्तावेज जमा करने, अपील करने और मतदाता सूची डाउनलोड करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित आरोपों की स्वतंत्र जांच और उनके कार्यकाल में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की व्यापक समीक्षा की मांग की। साथ ही एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी रखी।
पार्टी नेताओं ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उनका कहना था कि पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा से निर्वाचन व्यवस्था में नागरिकों का विश्वास मजबूत होगा।
कार्यक्रम में रामगढ़ विधानसभा प्रभारी राजीव रंजन राजू, प्रदेश कांग्रेस के नेता बालजीत सिंह बेदी, सीपी संतन, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता मुंडा, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, बजरंग महतो, अमित महतो सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

