home page

झारखंड के हितों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी कांग्रेस : दीपिका

 | 
झारखंड के हितों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी कांग्रेस : दीपिका


गोड्डा, 22 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस भवन, गोड्डा में पार्टी के जिलाध्यक्ष याहया सिद्दीकी की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाए गए एमएमडीआर संशोधन कानूनों से झारखंड के आर्थिक हित प्रभावित हो सकते हैं।

लेकिन झारखंड के हितों के खिलाफ किसी भी प्रयास का कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में एमएमडीआर संशोधन को लेकर कांग्रेस के विरोध और 26 सितंबर 2026 के लोक भवन मार्च की तैयारियों की चर्चा हुई।

मंत्री ने बताया कि 26 सितंबर को लोक भवन मार्च में गोड्डा जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस ने पहले भी एमएमडीआर संशोधन को लेकर राज्यव्यापी विरोध कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 पर भी चर्चा हुई। पार्टी के अनुसार, एसआईआर के तहत नोटिस प्राप्त मतदाताओं को आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए अधिकृत बीएलए-2 बूथ स्तर पर सक्रिय रहेंगे। पंचायत, मंडल और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई।

एमएमडीआर संशोधन को लेकर कांग्रेस के रुख के बीच केंद्र समर्थक नेताओं ने कानून के पक्ष में अलग दावे किए हैं, जबकि कांग्रेस राज्य के खनिज संसाधनों और राजस्व से जुड़े अधिकारों पर इसके प्रभाव को लेकर आपत्ति जता रही है।

बैठक में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, जिला प्रभारी गुंजन सिंह सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar