home page

हल्द्वानी की घटना के विरोध में कांग्रेस ने जुलूस निकालकर जताया विरोध

 | 
हल्द्वानी की घटना के विरोध में कांग्रेस ने जुलूस निकालकर जताया विरोध


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित रूप से रैली स्थल का शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में शुक्रवार को रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया।

मोरहाबादी स्थित रांची कॉलेज के समक्ष से निकला जुलूस नारेबाजी करते हुए बापू वाटिका पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह किया।

जुलूस में कार्यकर्ताओं ने छुआछूत बंद करो, भेदभाव बंद करो जैसे नारे लगाए।

वहीं मीडियाकर्मियों से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हल्द्वानी की घटना केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं है, बल्कि यह देश के संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक समानता और बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के विचारों का अपमान है। किसी व्यक्ति के किसी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उस स्थान का शुद्धिकरण करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि देश आज चांद पर पहुंच रहा है, आधुनिक तकनीक और विकास की बात कर रहा है, लेकिन दूसरी ओर अगर किसी व्यक्ति के स्पर्श से किसी स्थान को अपवित्र बताकर उसका शुद्धिकरण किया जाता है तो यह हमारे सामाजिक विकास पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

कार्यक्रम को जिला कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, प्रदेश महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष केदार पासवान सहित अन्या ने संबोधित किया।

मौके पर ग्रामीण कांग्रेस के प्रभारी रियाज अंसारी, विनय सिन्हा, रविंद्र सिंह, राज उरांव, गुलजार अहमद, शाहबीर लोहरा, तुलसी खरवार, कुशल उरांव, संजर खान, नीरज भोक्ता, मदन कुमार महतो, संजय मुंडा सहित अन्य, मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak