home page

मताधिकार की रक्षा के लिए गांवों में चर्चा कर रही कांग्रेस : कमलेश

 | 
मताधिकार की रक्षा के लिए गांवों में चर्चा कर रही कांग्रेस : कमलेश


रांची, 19 नवंबर (हि.स.)। वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत लातेहार जिले के मनिका प्रखंड स्थित पोखरी गांव में ग्राम चौपाल, परसही में ग्राम प्रधानों के साथ पेसा नियमावली पर प्रदेश कांग्रेस का ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में ग्राम चौपाल आयोजित की गई।

वहीं लातेहार प्रखंड के परसही पंचायत में विभिन्न ग्राम प्रधानों के साथ पेसा नियमावली को लेकर बैठक हुई।

पोखरी गांव में आयोजित ग्राम चौपाल में संबंधित बूथ के बीएलओ और ग्रामीणों की उपस्थिति में मतदाता सूची की ड्राफ्ट सूची पढ़कर सुनाई गई। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ग्रामीणों से मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर बातचीत की।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी सुनिश्चित होगी, जब हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में हो और कोई भी व्यक्ति अपने मतदान के संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे। संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए नागरिकों की जागरूकता और सहभागिता बेहद जरूरी है।

वहीं, परसही पंचायत में विभिन्न ग्राम प्रधानों के साथ आयोजित बैठक में पेसा

नियमावली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। कमलेश ने ग्राम प्रधानों के अधिकार, उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना और इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने एवं समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। बैठक में ग्राम स्वशासन को मजबूत करने और ग्राम प्रधानों के अधिकारों को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दिसंबर माह के पहले सप्ताह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित झारखंड आगमन की जानकारी भी ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों को दी।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष संतनु मिश्रा, जिला प्रभारी निरंजन पासवान, चतरा जिला प्रभारी केदार पासवान, लातेहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष कामेश्वर यादव, चतरा जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रदेव गोप सहित अन्य कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak