मुख्यमंत्री से कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर की जेपीएससी में धांधली की जांच की मांग
रांची, 05 अगस्त (हि.स.)। छात्रों की ओर से जेपीएससी मामले को लेकर चलाया जा रहे आंदोलन के संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार काे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर छात्रों की मांगों के समर्थन में सात सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया।
कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न प्रक्रियाओं से छात्रों के बीच असमंजस अविश्वास और निराशा का वातावरण बना हुआ है इस स्थिति में राज्य की संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर संशय उत्पन्न हो रहा है। इसलिए राज्य के युवाओं में अनिश्चितता और संशय के वातावरण को समाप्त करने के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान किया जाना आवश्यक है। ताकि इन संस्थानों पर छात्रों एवं युवाओं का विश्वास अधिक सुदृढ़ हो सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री को सौंपे गये ज्ञापन में जो मांगे रखी गई उनमें जेपीएससी और जेएसएससी पर लगे आरोपों की समयबद्ध
जांच कराने, टीडीपीएल सहित जिन एजेंसी की भूमिका पर सवाल उठे हैं उनकी गहन जांच कराने, जेपीएससी और जेएसएससी में वर्तमान में कार्यरत सभी अधिकारी और कर्मचारियों का तबादला करने, जेपीएससी और जेएसएससी के लिए समयबद्ध वार्षिक कैलेंडर जारी करने सहित अन्य मांगे शामिल हैं।
वहीं मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में के राजू और केशव महतो कमलेश, प्रदीप यादव राजेश कच्छप, राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडे सिंह सहित अन्य के हस्ताक्षर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

