home page

कांग्रेस ने विरोध मार्च निकाल कर मनाया काला दिवस, मांगा सीईसी का इस्तीफा

 | 
कांग्रेस ने विरोध मार्च निकाल कर मनाया काला दिवस, मांगा सीईसी का इस्तीफा


रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ शनिवार को काला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान रांची के कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक तक विरोध मार्च निकाला गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों एवं चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाया गया।

मौके पर कांग्रेस पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से कथित रूप से हटाए गए नामों को पुनः जोड़ने की मांग की। पार्टी ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, मताधिकार की रक्षा एवं संविधान की मूल भावना को बनाए रखने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सभी प्रदर्शनकारी काली टी-शर्ट पहने हुए थे, जिन पर वोट बचाओ-देश बचाओ और एसआईआर में पारदर्शिता-जनता की प्राथमिकता के नारे लिखे हुए थे।

लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की जा रही कमजोर : कमलेश

मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता कमजोर की जा रही है और मौजूदा परिस्थितियां अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति की ओर इशारा करती हैं।

उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पार्टी नेताओं ने वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की और पूरे मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। यदि मतदाताओं को यह भरोसा नहीं रहेगा कि उनका वोट सुरक्षित है और चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो रहे हैं, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जनता का विश्वास कमजोर होगा।

कांग्रेस पार्टी संविधान, निष्पक्ष चुनाव और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यक्रम में रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा, रांची ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, प्रदीप तुलस्यान, विधायक सुरेश बैठा, डॉ राजेश गुप्ता, सतीश पॉल मुंजनी, लाल किशोर शाहदेव, आलोक दूबे सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak