गठबंधन की सरकार में कांग्रेस बन गई है ठग पार्टी : बेसरा
रांची, 12 अगस्त (हि.स.)।
जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में धांधली और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आदिवासी मूलवासी के विभिन्न संगठनों ने बुधवार को रांची प्रेस क्लब में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता आयोजित की।
इस दौरान झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के जन्म दिवस पर छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी की जांच राज्य की एजेंसी से कराने पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
बेसरा ने आरोप लगाया कि झारखंड बनने के बाद से जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती रही हैं।
उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार में कांग्रेस ठग पार्टी बन गई है, क्योंकि झारखंड में राहुल गांधी छात्र आंदोलन में साथ नही दे सके। 26 साल बाद भी झारखंड में आरक्षण, स्थानीय, नियोजन निति लागू नहीं किया जा सका है।
वहीं आदिवासी जनपरिषद के अध्यक्ष प्रेम शाही मुंडा ने झारखंड आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि छात्र आंदोलन को जन आंदोलन का रुप दिया जाएगा।
झारखंड बनने के बाद से जितनी भी परीक्षाएं हुई हैं, सभी की जांच होनी चाहिए। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, भूमि संबंधित सहित सभी विभागों में नियुक्तियों की सीबीआई जांच होनी चाहिए। राज्य में स्कूल कॉलेज बंद हो रहे हैं।
आदिवासी सब प्लान के पैसे का सही उपयोग नही हो रहा है।
मौके पर इमाम शफी ने कहा कि वर्ष 2010 से जेपीएससी परीक्षा में धांधली होती आई है। राज्य में जितनी भी जेपीएससी और जेएससीए परीक्षाएं हुई हैं, सभी में धांधली हुई है। अधिकांश परीक्षाओं में पैसे लेकर पास कराया गया और झारखंड में सीओ बीडीओ सहित अन्य अधिकारी बनाए गए हैं। यही लोग झारखंड के सभी विभागों में अधिकारी बने बैठे हैं और भ्रष्टाचार को जन्म दे रहे हैं। ऐसे अधिकारियों की सीबीआई जांच होनी चाहिए और भ्रष्टाचार पर संलिप्त पाए जाने पर अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।
उलगुलान मंच के रवि पीटर ने कहा कि झारखंड में आदिवासी मूलवासी को सभी अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन सम्पूर्ण क्रान्ति की ओर बढ़ रही है।
इस मौके पर आरपीआई प्रदेश अध्यक्ष प्रितम सांड लोहरा, झारखंड पीपुल्स पार्टी केंद्रीय कार्यकारी सह आजसू के संरक्षक अनिल कुमार भगत सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

