home page

कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान, जिलों में मार्च निकालने का निर्देश

 | 
कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान, जिलों में मार्च निकालने का निर्देश


-2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतला दहन का भी कार्यक्रम

रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रविवार को जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ आभासी माध्यम से बैठक की। बैठक में पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को झारखंड में व्यापक स्तर पर संचालित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रदेश और जिला पदाधिकारियों को दो से आठ अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रत्येक जिले में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च’ निकालने को कहा गया।

कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों और प्रभारियों से मार्च में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा अथवा जिला समाहरणालय/डीएम कार्यालय तक निकाला जाएगा। निर्धारित स्थल पर पहुंचने के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन और संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा।

पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार अभियान के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन का भी आयोजन किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने जिला कमिटियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। जिलों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित और अनुशासित तरीके से आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak