शहीद दिवस पर कांग्रेस ने भगत सिंह, राजगुरु-सुखदेव को किया नमन, टी. मुचिराय मुंडा को भी दी श्रद्धांजलि
रांची, 23 मार्च (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में सोमवार को अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत दिवस तथा क्षेत्रीय कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष टी मुचिराय मुंडा की पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, रांची में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अमर शहीद भगत सिंह के राष्ट्र के प्रति बलिदान से सभी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। 23 मार्च 1931 को ब्रिटिश सरकार ने उन्हें फांसी दी, लेकिन उनके द्वारा जगाई गई स्वतंत्रता की ज्वाला अंततः 15 अगस्त 1947 को देश की आजादी के रूप में फलीभूत हुई।
वक्ताओं ने राजगुरु और सुखदेव के योगदान को भी याद करते हुए उनकी कुर्बानी पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर टी. मुचिराय मुंडा को श्रद्धांजलि देते हुए वक्ताओं ने उनके बहुआयामी व्यक्तित्व और योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने मुंडा को “छोटानागपुर का गांधी” बताते हुए कहा कि झारखंड क्षेत्र के विकास और संगठन को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा।
वक्ताओं ने कहा कि टी. मुचिराय मुंडा का व्यक्तित्व अत्यंत सादगीपूर्ण था और वे समानता के सिद्धांत में विश्वास रखते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में जनता के हितों को सर्वोपरि रखा और सामाजिक उत्थान के लिए लगातार संघर्ष करते रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में राकेश सिन्हा, सोनाल शांति, राजन वर्मा, सुरेन राम, जगदीश साहु, खुर्शीद हसन रूमी, राजेश चन्द्र राजू, टिंकू वर्मा, फिरोज रिजवी, नरेन्द्र लाल गोपी, सतीश महतो, प्रभात कुमार, रामप्रकाश महतो, रामानंद केशरी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

