home page

जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ करें : डीसी

 | 
जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ करें : डीसी


रामगढ़, 04 जून (हि.स.)। जिले में जनगणना 2027 के तहत चल रहे कार्यों को लेकर गुरुवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अपर समाहर्ता, सभी चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान डीसी ने जनगणना 2027 के तहत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इस क्रम में अधिकारियों की ओर से बताया गया कि वर्तमान में जिले में लेआउट मैपिंग और हाउस लिस्टिंग का कार्य संचालित किया जा रहा है।

प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए डीसी ने कार्यों पर असंतोष जाहिर करते हुए तत्काल सभी अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया। डीसी की ओर से डाटा एंट्री के कार्य को बहुत ही सावधानीपूर्वक करने और कार्य के दौरान नियमित रूप से क्वालिटी चेक करने का निर्देश दिया।

डीसी ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। इसलिए सभी कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में किए जा रहे लेआउट मैपिंग और हाउस लिस्टिंग कार्यों का सत्यापन करें, ताकि कार्य की गुणवत्ता एवं सटीकता सुनिश्चित हो सके।

बैठक के दौरान डीसी ने जिला स्तर के पदाधिकारियों को भी नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्यों का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। डीसी ने समीक्षा के दौरान कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश