home page

बीएयू में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोकसभा

 | 
बीएयू में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोकसभा


रांची, 08 सितंबर (हि.स.)। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) में मंगलवार को शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। शोकसभा में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षक, वैज्ञानिक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कुलपति डॉ. एससी दुबे ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू सुलझे हुए व्यक्तित्व और प्रगतिशील विचारों वाले जनप्रतिनिधि थे। राज्य में उच्च शिक्षा के विकास को लेकर उन्होंने प्रभावी रोडमैप तैयार किया था। राज्य के संसाधनों के अनुरूप विद्यार्थियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वे प्रतिबद्ध थे।

कुलपति ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू दिशोम गुरु शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रिय थे। उनका असमय निधन उनके परिवार और पार्टी के साथ-साथ पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।

कृषि संकाय के डीन डॉ. डीके शाही ने कहा कि शिक्षा जगत और समाज के सुधार एवं विकास के लिए सुदिव्य कुमार सोनू की ओर से किए गए कार्य हमेशा स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके निधन से राज्य को बड़ी क्षति हुई है।

निदेशक, कार्य एवं संयंत्र मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू अभियंताओं के साथ विभिन्न परियोजनाओं के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते थे। विकास कार्यों के तकनीकी पक्ष को लेकर उनकी विशेष रुचि थी।

शोकसभा के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की गई।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak