खराब मौसम भी नहीं रोक पाया जेसोवा मेले का उत्साह, छह दिनों तक उमड़ी भीड़
रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन( जेसोवा) दीपावली मेला खराब मौसम के बावजूद लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। छह दिनों तक चले इस आयोजन में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मंगलवार को मेले का समापन हो गया। जेसोवा के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित मेले में खरीदारी के साथ कला, संस्कृति, उद्यमिता और महिला सशक्तीकरण की झलक देखने को मिली। आयोजन के दौरान 2,600 दीयों से मोरहाबादी मैदान को रोशन किया गया।
जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमार ने कहा कि जेसोवा दीपावली मेला केवल खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को व्यापक मंच देना है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पादों और हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर देना जेसोवा की प्राथमिकताओं में शामिल है।
छह दिनों तक चले मेले के सफल समापन पर जेसोवा की पूरी टीम ने केक काटकर खुशी मनाई। टीम के सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सहयोगियों, प्रतिभागियों, स्टॉल संचालकों और आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
जेसोवा की टीम ने रांचीवासियों और सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को उचित मंच और अवसर मिले, तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। इस अवसर पर जेसोवा की अन्य सदस्य मौजूद थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

