home page

रिम्स में चुनौतीपूर्ण ब्रेन सर्जरी सफल, मस्तिष्क से निकाला गया विशाल ट्यूमर

 | 
रिम्स में चुनौतीपूर्ण ब्रेन सर्जरी सफल, मस्तिष्क से निकाला गया विशाल ट्यूमर


रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक चुनौतीपूर्ण ब्रेन सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश के नेतृत्व में मरीज के मस्तिष्क के पिछले हिस्से एवं सेरिबेलम में स्थित एक विशाल (जो एक परजीवी के विशाल अंडे जैसा प्रतीत हो रहा था) को सफलतापूर्वक निकाला गया। इसकी प्रकृति एवं अंतिम निदान की पुष्टि हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच (बायोप्सी रिपोर्ट) के बाद की जाएगी।

मस्तिष्क का यह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील होता है, जहाँ महत्वपूर्ण संरचनाएँ एवं नसें स्थित होती हैं। ऐसे मामलों में सर्जरी के दौरान विशेष सावधानी और उच्च स्तरीय विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है।

डॉ. आनंद प्रकाश ने अत्याधुनिक ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप एवं सूक्ष्म शल्य तकनीकों की सहायता से सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। ऑपरेशन के दौरान मस्तिष्क की महत्वपूर्ण संरचनाओं और संवेदनशील नसों को सुरक्षित रखा गया।

इस जटिल सर्जरी में न्यूरोसर्जरी विभाग की टीम के साथ एनेस्थीसिया विभाग एवं ऑपरेशन थिएटर के कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह सफलता रिम्स में उन्नत न्यूरोसर्जिकल सेवाओं के विस्तार और राज्य के मरीजों को जटिल उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे