home page

झारखंड पुलिस के 153 आश्रितों को अनुकंपा पर नौकरी, कमेटी ने लगाई मुहर

 | 
झारखंड पुलिस के 153 आश्रितों को अनुकंपा पर नौकरी, कमेटी ने लगाई मुहर


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्र के निर्देश पर झारखंड पुलिस के दिवंगत पुलिस अफसरों और पुलिसकर्मियों के परिजनों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत 153 आश्रितों को अनुकंपा पर नौकरी प्रदान की जाएगी।

इस निर्णय से झारखंड पुलिस सेवा के दौरान दिवंगत हो चुके पुलिसकर्मियों के परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा के निर्देश पर गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में अनुकंपा समिति की महतवपूर्ण बैठक हुई। इसमें कुल 153 आश्रितों को पुलिस विभाग के अलग-अलग पदों पर नौकरी देने का फैसला किया गया। इसका मकसद सर्विस के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को एक सम्मानजनक आजीविका और सहारा देना है।

झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार कुल 163 मामलों पर बैठक में चर्चा हुई, जिसमें चार मामलों को विभिन्न कारण से होल्ड पर रखा गया है। वहीं तीन मामलों को नियमानुसार नहीं पाए जाने पर अस्वीकार किया गया है।

अनुकंपा समिति की बैठक एडीजी मुख्यालय मनोज कौशिक की अध्यक्षता में की गई थी। इस समिति में जैप डीआईजी कार्तिक एस, स्पेशल ब्रांच के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, सीआईडी डीआईजी चंदन कुमार झा और एसपी (गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा) बतौर सदस्य शामिल हुए। कमेटी के फैसले के बाद कुल 153 युवाओं को उनकी योग्यता के हिसाब से पदों पर नियुक्त किया गया है। इनमें 66 कॉन्स्टेबल, 62 बाल आरक्षी, 24 महिला आरक्षी और एक फायरमैन ड्राइवर शामिल हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे