home page

धान की खरीदारी से संबंधित सभी तैयारियां करें निर्धारित समय से पूरी : उपायुक्त

 | 
धान की खरीदारी से संबंधित सभी तैयारियां करें निर्धारित समय से पूरी : उपायुक्त


देवघर, 13 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान खरीदारी की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीद की प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि धान की खरीदारी से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि तय तिथि से किसानों से धान की खरीद शुरू की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंडवार टीम गठित कर किसानों का ई-केवाईसी और भूमि अभिलेखों का सत्यापन कार्य तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही लैंप्स और पैक्स की ग्रेडिंग करने, योग्य धान अधिप्राप्ति केंद्रों का चयन करने और सभी अधिप्राप्ति केंद्रों एवं राइस मिलों में पदाधिकारियों तथा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति से संबंधित सूची समय पर तैयार करने को कहा।

उपायुक्त ने राइस मिलों के चयन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि मिलों की मिलिंग क्षमता, भंडारण क्षमता, अधिप्राप्ति केंद्रों से दूरी और पूर्व के लंबित मामलों की गहन जांच की जाए। इसके अलावा धान और सीएमआर के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त गोदामों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी अधिप्राप्ति केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराने का भी निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि धान की खरीदारी के दौरान किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो और खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सके।

इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जीएम डीआईसी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy