home page

राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव की तैयारी को लेकर आयुक्त ने की बैठक

 | 
राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव की तैयारी को लेकर आयुक्त ने की बैठक


दुमका, 10 अप्रैल (हि.स.)। बासुकिनाथ मंदिर स्थित सभागार में राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव की तैयारी को लेकर बैठक का आयोजन संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में मेला आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।

बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि मेला महोत्सव के आयोजन में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहे। इसके लिए संबंधित विभागों को अपनी-अपनी कार्य योजना शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने मेला क्षेत्र के सभी एंट्री पॉइंट पर मेटल डिटेक्टर स्थापित करने और सुचारु आवागमन के लिए ट्रैफिक रूट प्लान तैयार करने पर विशेष बल दिया।

आयुक्त ने बासुकिनाथ मंदिर आने-जाने वाले मार्गों की स्थिति को सुधारने के लिए बासुकिनाथ-दुमका रोड को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही शिवगंगा की साफ-सफाई को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान जानकारी दी गई कि शिवगंगा की सफाई के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने पांच स्थलों को चिन्हित कर शौचालय निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने, पेयजल व्यवस्था के लिए डीप बोरिंग कराने एवं मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मेला के दौरान अक्सर बच्चे और परिजन बिछड़ जाते हैं, ऐसी स्थिति में मेला क्षेत्र में लगे स्क्रीन के माध्यम से उनकी सूचना का प्रसारण किया जाए। जिससे उन्हें शीघ्र उनके परिजनों से मिलाया जा सके।

आयुक्त ने पुलिस पदाधिकारियों के आवासन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लाॅकर सिस्टम, पार्किंग स्थल और पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। नंदी चौक सहित प्रमुख स्थलों पर आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था करने के निर्देश भी दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यकता अनुसार मंदिर गार्ड की प्रतिनियुक्ति आउटसोर्सिंग के माध्यम से करने का निर्देश दिया। फायर स्टेशन के लिए प्रस्ताव विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया।

वहीं बैठक से पूर्व आयुक्त द्वारा रूट लाइन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मेला के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, आयुक्त के सचिव,नगर पंचायत बासुकीनाथ के अध्यक्ष, पंडा समाज के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार