कोयला व्यापारी एलबी सिंह की पत्नी ने ईडी से समय मांगा
रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। चर्चित कोयला व्यापारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह ने ईडी कार्यालय में हाजिर होने के बदले फिर समय मांगा है। उन्होंने ईडी से 10 दिनों का समय मांगा है। उनके जरिये समय मांगे जाने का यह दूसरा मौका है।
कोयला घोटाले में दूसरे चक्र की छापेमारी के दौरान ईडी ने 160 करोड़ रुपये निवेश को फ्रीज कर दिया था। ईडी द्वारा फ्रीज किया गया निवेश एलबी सिंह से संबंधित है। फ्रीज किये गये निवेश सहित छापामारी में मिले अचल संपत्ति के दस्तावेज की जांच के बाद ईडी ने एलबी सिंह के पारिवारिक सदस्यो और रिश्तेदारों को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया।
ईडी ने एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह, पत्नी आरती सिंह और साले रंजीत कुमार सिंह को समन जारी किया था। लेकिन उनमें से पहले और दूसरे समन पर कोई पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुआ। एलबी सिंह के भाई और साले ने पहले एक-एक महीने का समय मांगा था। बाद में 20-20 दिन का समय मांगा। आरती सिंह ने पहले समन पर हाजिर होने के बदले 10 दिनों का समय मांगा। ईडी ने दूसरा समन जारी कर उन्हें 27 अगस्त को हाजिर होने का निर्देश दिया। लेकिन उन्होंने फिर समय मांगा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

