home page

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट को बताया जनविरोधी

 | 
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट को बताया जनविरोधी


रांची, 05 फरवरी (हि.स.)। झारखंड में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में कुल 27 प्रस्तावों पर मुहर लगी।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्रिमंडल के साथ पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और केंद्रीय बजट को लेकर जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पेश किए गए बजट को गौर से देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कृषि हो या अन्य सेक्टर, बताइए इस बजट में ऐसा क्या है जिससे आम लोगों को राहत मिली हो।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बजट में आम आदमी की जरूरत की चीजों को नजरअंदाज किया गया है।

पत्रकारों की ओर से कोयला, खनिज और लोहा महंगा होने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री और अधिक मुखर हो गए। उन्होंने कहा कि आप कोयला, खनिज और लोहा की बात कर रहे हैं, लेकिन क्या रोजमर्रा की चीजें सस्ती हुई हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि इस बजट में तो दाल और चावल तक महंगे हो गए हैं।

असम दौरे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने वहां के चाय बागान मजदूरों की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां आज भी गुलामी की स्थिति बनी हुई है।

केंद्र और असम सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असम में एक अजीब स्थिति है, वहां ऐसा लगता है जैसे देश के अंदर ही एक और देश हो। आज भी वहां अंग्रेजी हुकूमत की झलक दिखाई देती है। वहां अब भी ऐसा महसूस होता है कि लोग गुलामी का जीवन जी रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे