रांची में ‘मेड-टेक इनोवेशन डे’ का आयोजन, मुख्यमंत्री सोरेन ने की ‘डिस्ट्रिक्ट सैंडबॉक्स’ पहल की शुरुआत
रांची, 15 जून (हि.स.)। भारतीय विकास ट्रस्ट (बीवीटी) ने पीएचआईए फाउंडेशन के सहयोग से रांची स्थित होटल बीएनआर चाणक्य में सोमवार को ‘मेड टेक इनोवेशन डे’ का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रिमोट का बटन दबाकर ‘डिस्ट्रिक्ट सैंडबॉक्स’ पहल का शुभारंभ किया। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में नई तकनीकों और नवाचारों के परीक्षण, मूल्यांकन और उनके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इस पहल के तहत इनोवेटर्स को वास्तविक सार्वजनिक स्वास्थ्य परिस्थितियों में अपनी चिकित्सा तकनीकों के परीक्षण का अवसर मिलेगा, जिससे उनके प्रभाव का आकलन कर उन्हें बड़े पैमाने पर लागू करने की दिशा तय की जा सकेगी। इसका उद्देश्य झारखंड के स्वास्थ्य नवाचार इकोसिस्टम को मजबूत करना तथा ग्रामीण, जनजातीय और वंचित समुदायों के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार लाना है।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में नवाचार की अपार संभावनाएं हैं, जहां स्थानीय जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक समाधान विकसित कर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने को प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बायो-इंजीनियरिंग और रियल-टाइम डेटा के बढ़ते उपयोग को भविष्य की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप्स और शोधकर्ताओं की तकनीकों को धरातल तक पहुंचाने में राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रदर्शित बिना फिल्म वाली पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन का अवलोकन भी किया, जिसे आईआईटी धनबाद के पूर्व छात्रों ने विकसित किया है।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यकाल में मेडिकल कॉलेजों, एमबीबीएस और पीजी सीटों में वृद्धि के साथ डॉक्टरों की नियुक्ति में भी तेजी आई है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए नए मॉडल पर काम किए जाने की जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार कार्य कर रही है तथा जल्द ही एआई कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 745 ‘अबुआ मेडिकल स्टोर’ खोलने की योजना पर भी काम चल रहा है।
उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, इनोवेटर्स और विकास क्षेत्र के साझेदार उपस्थित रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

