हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना जरूरी : हेमंत
रांची, 22 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरन ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित झामुमो प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं, त्रुटियों को ठीक कराएं और किसी भी पात्र मतदाता को छूटने न दें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
बैठक में उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और आगामी जनगणना जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए कार्यकर्ता जागरूक बनें और आम लोगों को भी जागरूक करें। कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची में किसी भी योग्य व्यक्ति का नाम छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि एक भी वोटर छूटे नहीं इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में संगठन को बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही नगर और महानगर कमेटियों को भी अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने के निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान झामुमो पदाधिकारियों ने एसआईआर को लेकर भाजपा की नीयत पर सवाल उठाया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया की आड़ में आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों के मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की, जबकि मंच संचालन महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने किया।
विनोद पांडेय ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को इन प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना था।
बैठक में झामुमो के विधायक सांसद सहित 13 विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

