home page

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मन्नान मल्लिक को दी श्रद्धांजलि, कहा— राज्य ने अनुभवी जननेता को खो दिया

 | 
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मन्नान मल्लिक को दी श्रद्धांजलि, कहा— राज्य ने अनुभवी जननेता को खो दिया


रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मन्नान मल्लिक के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की समस्याओं और आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य किया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी सदैव महसूस की जाएगी।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत मन्नान मल्लिक के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा इस दुःख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

उल्लेखनीय है कि झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है तथा विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे