home page

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन अस्पताल में भर्ती

 | 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन अस्पताल में भर्ती


-सांस लेने में तकलीफ के बाद रांची के अस्पताल में कराया गया भर्ती, हालत स्थिर

रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने पर शुक्रवार को उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। अस्पताल के निदेशक डॉ. नितेश प्रिया के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।

रांची स्थित हिल व्यू अस्पताल के डॉ. नितेश प्रिया ने शुक्रवार को बताया कि रूपी सोरेन की हालत फिलहाल स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेडिसिन विशेषज्ञ और आईसीयू की टीम उनकी निगरानी और उपचार में जुटी है।

डॉ. प्रिया के अनुसार, रूपी सोरेन पेट संबंधी समस्या से भी जूझ रही हैं और इसका इलाज हैदराबाद में चल रहा था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हाल ही में अपनी मां को इलाज के लिए हैदराबाद लेकर गए थे और दो दिन पहले ही वहां से रांची लौटे हैं।

उन्होंने बताया कि सांस लेने में परेशानी के कारणों का पता लगाने के लिए कई चिकित्सकीय जांच कराई जा रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सांस संबंधी समस्या के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल रूपी सोरेन की स्थिति में सुधार है और चिंता की कोई बात नहीं है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे