भाजपा नेता अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक
- मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर पूर्व सीएम और उनके परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना- बाबूलाल मरांडी बोले- उम्र चाहे कितनी भी हो जाए, मां का सिर पर हाथ होना देता है हिम्मत
रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को एक्स पर लिखा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई अर्जुन मुंडा की मां के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं, बाबूलाल मरांडी ने भी अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इस खबर से उन्हें काफी पीड़ा हुई है। अर्जुन मुंडा की भावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने लिखा कि उनके शब्दों में मां को खोने का दर्द साफ झलकता है।
मरांडी ने मां के स्नेह और जीवन में उनके महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इंसान की उम्र चाहे कितनी भी हो जाए, मां का सिर पर हाथ रख देना ही यह भरोसा देता है कि जीवन की हर मुश्किल संभल जाएगी। उन्होंने दिवंगत माता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और अर्जुन मुंडा सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

