मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का शुभारम्भ
रांची, 15 जून (हि.स.)। झारखंड को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक व्यापक राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का शुभारम्भ सोमवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय परिसर में किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जागरूकता प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया।
यह अभियान मुख्य रूप से नशीले और प्रतिबंधित मादक पदार्थों के सेवन, उनकी अवैध तस्करी तथा उनसे होने वाले सामाजिक-आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर केंद्रित है। सरकार का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से दूर रखते हुए उन्हें एक स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मानव जीवन पर गहरा और विनाशकारी प्रभाव डालता है। मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति और सामाजिक संबंधों को भी कमजोर कर देता है। इसके दुष्परिणाम केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पूरा परिवार और समाज इससे प्रभावित होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार नशे के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नशा मुक्ति के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास ही नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से बचाने को राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि यह समस्या राज्य के विकास और प्रगति के लिए एक गंभीर चुनौती है। इसी कारण व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिनके माध्यम से गांव-गांव और शहर-शहर तक संदेश पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
इस अवसर पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

