संघ ने जेटेट अभ्यर्थियों की समस्याओं पर मंत्रियों और स्पीकर को सौंपा ज्ञापन
रांची, 19 नवंबर (हि.स.)।
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने जेटेट-2026 परीक्षा में सामने आई तकनीकी एवं मानवीय त्रुटियों के समाधान की मांग को लेकर गुरूवार को मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री हाफिजुल हसन, दीपक बिरुवा, योगेंद्र प्रसाद महतो, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात कर अभ्यर्थियों की समस्याएं रखीं।
संघ की ओर से मंत्री को पत्र सौंपते हुए बताया गया कि 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद एक नवंबर 2026 को राज्य के 986 परीक्षा केंद्रों पर जेटेट आयोजित हुई थी। इसमें 5,65,916 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जबकि 4,85,243 परीक्षा में शामिल हुए।
अभ्यर्थियों की प्रमुख समस्याओं में ओएमआर शीट पर प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (एस, टी, यू, वी) अंकित नहीं कर पाना, एडमिट कार्ड में त्रुटियां और ऑनलाइन आवेदन की तकनीकी गड़बड़ियां शामिल हैं। संघ ने इनके न्यायसंगत समाधान की मांग की है।
संघ ने बताया कि कैबिनेट बैठक में मंत्रियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष भी यह मामला उठाया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से जल्द मुलाकात का सकारात्मक आश्वासन दिया है। संघ ने कहा है कि तकनीकी और मानवीय त्रुटियों का खामियाजा अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

