home page

जलवायु परिवर्तन विषयक प्रतियोगिता आयोजित, प्रतिभागी हुए सम्मानित

 | 
जलवायु परिवर्तन विषयक प्रतियोगिता आयोजित, प्रतिभागी हुए सम्मानित


रांची, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के तत्वावधान में सिद्धा और वानिकी के विद्यार्थियों के सहयोग से जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण विषयक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु कार्रवाई को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिम्मेदार उपभोग, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रश्नोत्तरी, रंगोली, निबंध लेखन, चित्रकला तथा कचरे से कलाकृति (आर्ट फ्रॉम वेस्ट) प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताएं जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की थीम पर आधारित थीं। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जलवायु विज्ञान, जैव विविधता, नवीकरणीय ऊर्जा और वैश्विक पर्यावरणीय पहलों से जुड़े सवाल पूछे गए। वहीं चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों और प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar