home page

सड़क हादसे में सीआईएसएफ जवान और पत्नी की मौत, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

 | 
सड़क हादसे में सीआईएसएफ जवान और पत्नी की मौत, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार


देवघर, 01 मई (हि.स.)। खगड़िया के एनएच-31 पर हुए एक सड़क हादसे में सीआईएसएफ जवान विपिन कुमार चौरसिया और उनकी पत्नी दीपमाला चौरसिया की असामयिक मौत से मधुपुर शहर शोक में डूब गया।

इस घटना ने न केवल परिजनों, बल्कि पूरे नगर को गहरे सदमे में डाल दिया। शुक्रवार को दोनों का पार्थिव शरीर मधुपुर के चांदवारी स्थित आवास पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजन, रिश्तेदार, मित्र, भाजपा कार्यकर्ता और नगरवासी बड़ी संख्या में मौजूद थे। पूरे इलाके में शोक और संवेदना का माहौल बना रहा। इसके बाद बैकुंठ धाम में दोनों का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान चित्रा यूनिट के सीआईएसएफ जवानों ने हवलदार विपिन कुमार चौरसिया को गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम सलामी दी।

विपिन कुमार चौरसिया दुर्गापुर स्टील प्लांट में सीआईएसएफ हवलदार के पद पर कार्यरत थे और अपने अनुशासित व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। वहीं, उनकी पत्नी दीपमाला चौरसिया भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और सामाजिक कार्यों में भी उनकी महत्वपूर्ण पहचान थी। दंपति की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य देने की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy