home page

रांची में 15.7 लाख की सिगरेट चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

 | 
रांची में 15.7 लाख की सिगरेट चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार


रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के रेडियम रोड स्थित सुवालाल गोपीलाल जैन की दुकान में हुई करीब 15.70 लाख रुपये की सिगरेट चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

मामले में पुलिस ने दो आरोपितों कुन्दन वर्मा और विजय रजक उर्फ लल्लु को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की गई सिगरेट और मोबाइल भी बरामद किया गया है।

सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को बताया कि 26 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 3,000 रुपये नकद, बिना सिम कार्ड वाला एक पुराना मोबाइल फोन और लगभग 15.70 लाख रुपये मूल्य की सिगरेट चोरी कर ली थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस ने दोनों की संलिप्तता सामने आने का दावा किया। इसके बाद आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की गई सिगरेट छह बैग और तीन झोलों में बरामद की गई। चोरी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित कुन्दन वर्मा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में कोतवाली के सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय, थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा सहित कोतवाली और सुखदेवनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे