home page

जेपीएससी मामले में पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते से सीआईडी कार्यालय में दूसरे दिन भी पूछताछ जारी

 | 
जेपीएससी मामले में पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते से सीआईडी कार्यालय में दूसरे दिन भी पूछताछ जारी


रांची, 29 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सीआईडी की कार्रवाई लगातार जारी है। 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा से जुड़े मामले में सीआईडी के समन पर झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी सीआईडी कार्यालय पहुंचे। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को एल ख्यांग्ते से आठ घंटे से ज्यादा पूछताछ हुई थी।

सूत्रों के अनुसार सीआईडी परीक्षा संचालन, टेंडर आवंटन और कथित गड़बड़ियों से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर एल ख्यांग्ते से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी का फोकस इस बात पर है कि टीडीपीएल को परीक्षा संचालन का जिम्मा किन परिस्थितियों में दिया गया। सीआईडी यह भी जानना चाहती है कि यदि एजेंसी के ब्लैकलिस्ट होने की बात सामने आई थी तो उसे जेपीएससी जैसी संवैधानिक चयन संस्था की परीक्षा का टेंडर कैसे मिला।

इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी,ओएमआर शीट में कथित हेराफेरी रोकने के लिए उठाए गए कदम और शिकायतों पर कार्रवाई जैसे मुद्दों पर पूर्व अध्यक्ष से जवाब मांगा जा रहा है। पूरे मामले में जांच के दायरे में परीक्षा संचालन एजेंसी टीडीपीएल का कार्यालय भी है। जहां से परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। वहीं जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, ओएमआर शीट और डिजिटल साक्ष्य भी सीआईडी ने अपने कब्जे में लिए हैं।

उल्लेखनीय है कि इस पूरे मामले में सीआईडी अब तक उप परीक्षा नियंत्रक सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से पांच आरोपितों से रिमांड पर पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी का कहना है कि जुटाए गए दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे