home page

जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल मामले में सीआईडी ने चार आरोपितों को पकड़ा

 | 
जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल मामले में सीआईडी ने चार आरोपितों को पकड़ा


रांची, 16 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी ने बुधवार को जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल से जुड़े मामलों में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इनमें दो आरोपित जेपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा मामले में, जबकि दो आरोपित जेएसएससी-सीजीएल मामले में गिरफ्तार किए गए हैं।

जेपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर दर्ज सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 में ऋतिक रोशन (29), पिता संजय कुमार सिंह, निवासी संजय पथ, सुंदर नगर गार्डन के पास, मानगो, उलीडीह, जमशेदपुर और पंकज प्रशून (32), पिता अनिल कुमार सिंह, निवासी शिव भवन, कमलाकांत रोड, सुखदेवनगर, रांची को गिरफ्तार किया गया है। सीआईडी के अनुसार, इन दोनों आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार ‘शिवांगन की पाठशाला, लालपुर’ के कोचिंग संचालक संजीत कुमार द्वारा परीक्षाओं में अनुचित लाभ पहुंचाया गया था।

वहीं, जेएसएससी- सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर दर्ज सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में कोडरमा के गोलवाढ़ाब निवासी राजेश प्रसाद यादव, पिता जगदीश यादव और कोडरमा के पूर्णा नगर निवासी संदीप कुमार, पिता रामदेव सिंह को गिरफ्तार किया गया है। सीआईडी से मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपितों ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे