home page

जेएसएससी-सीजीएल गड़बड़ी मामले में सीआईडी की कार्रवाई, सचिव से पूछताछ

 | 
जेएसएससी-सीजीएल गड़बड़ी मामले में सीआईडी की कार्रवाई, सचिव से पूछताछ


रांची, 04 सितंबर (हि.स.)। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग(जेएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और पेपर लीक से जुड़े मामलों की जांच कर रही सीआईडी ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को सीआईडी की विशेष जांच टीम नामकुम स्थित जेएसएससी कार्यालय पहुंची। टीम ने आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की और परीक्षा से जुड़े कई दस्तावेजों की जांच की।

जांच के दौरान टीम ने आयोग के रिकॉर्ड रूम और अन्य संबंधित शाखाओं में रखे दस्तावेजों को खंगाला। सूत्रों के अनुसार जांच टीम को कुछ ओएमआर शीट और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया है। बताया जा रहा है कि जेएसएससी कार्यालय पहुंचने से पहले सीआईडी की टीम ने मोरहाबादी के हरिहर सिंह रोड स्थित सचिव सुधीर गुप्ता के आवास पर भी तलाशी ली। टीम ने वहां मौजूद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की।

इसके बाद टीम जेएसएससी मुख्यालय पहुंची और सचिव से परीक्षा प्रक्रिया, रिकॉर्ड और कथित गड़बड़ियों से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी ली। सीआईडी अब परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का मिलान कर यह पता लगाने में जुटी है कि कथित अनियमितता किस स्तर पर और कैसे हुई।

इस मामले में अब तक 31 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 200 से अधिक संदिग्ध रडार पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे