चुट्टूपालू घाटी में ट्रक दुर्घटना के बाद घंटों जाम, पुलिस ने खुलवाया मार्ग
रामगढ़, 05 सितंबर (हि.स.)। रांची-पटना पर रामगढ़ जिले के चुट्टूपालू घाटी में शनिवार को एक ट्रक दुर्घटना के बाद घंटों सड़क जाम रहा। रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा ट्रक संख्या बीआर 04जीए 3409 अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच जा रुका। ट्रक के बीच सड़क पर फंसते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिसकर्मियों ने क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाने के लिए घंटों मशक्कत की।
इस दौरान पुलिस ने वाहनों को नियंत्रित कर जाम को और बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद फोरलेन पर यातायात सामान्य हो सका। हालांकि, जाम के कारण वाहन चालकों और यात्रियों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

