home page

मैराथन दौड़ कर बच्चों ने समाज को नशा मुक्ति का दिया संदेश

 | 
मैराथन दौड़ कर बच्चों ने समाज को नशा मुक्ति का दिया संदेश


रामगढ़, 23 जून (हि.स.)। रामगढ़ सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार और जिला तंबाकू नियंत्रण पदाधिकारी डॉ तुलिका रानी के निर्देशन में तंबाकू एवं अन्य निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध एक सशक्त जागरूकता अभियान चलाया गया। तंबाकू नियंत्रण कोषांग और सीएम एक्सीलेंस गांधी मेमोरियल प्लस 2 स्कूल के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक चौक से पटेल चौक तक मैराथन रैली में बच्चों ने तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो और नशा मुक्त युवा, देश का उज्ज्वल भविष्य जैसे नारों के साथ पूरे क्षेत्र में जागरूकता का संदेश फैलाया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने भी बच्चों के साथ दौड़ में भाग लेकर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। यदि वे तंबाकू और नशे से दूर रहेंगे, तो हमारा समाज स्वस्थ और सुरक्षित बनेगा। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को बचाने का एक मजबूत संकल्प है।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बच्चों को जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उनके माध्यम से अभिभावकों और पूरे समाज तक यह संदेश पहुंचाना था कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करता है।

कार्यक्रम प्रबंधन जिला परामर्शी तम्बाकू नियंत्रण कोषांग के बिनय शर्मा की ओर से किया गया और कार्यक्रम में रंजित कुमार ऑफिस असिस्टेंट एवं एमपीडब्ल्यू पिंटू कुमार का सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश