home page

नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ लोक आस्था का 4 दिवसीय महापर्व छठ

 | 
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ लोक आस्था का 4 दिवसीय महापर्व छठ


रांची,13 नवंबर (हि.स.)।

राजधानी रांची में लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक धार्मिक माहौल बनने लगा है। सुबह से ही व्रतियों ने स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही शुद्धता और सात्विकता के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत हुई।

नहाय-खाय के दिन व्रती विशेष रूप से कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद तैयार करते हैं। पारंपरिक तरीके से तैयार इस भोजन को ग्रहण करने के साथ ही व्रती महापर्व का संकल्प लेते हैं। छठ पूजा में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। शायद यही वजह है कि घरों में साफ-सफाई से लेकर प्रसाद तैयार करने तक हर काम पूरी श्रद्धा और नियम के साथ किया जाता है।

छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती सुबह से निर्जला उपवास रखेंगे। दिनभर पूजा की तैयारी और प्रसाद बनाने की परंपरा निभाई जाएगी। शाम को स्नान के बाद व्रती भगवान सूर्य की पूजा करेंगे और गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद तैयार करेंगे। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे और परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों के बीच भी प्रसाद वितरित किया जाएगा। खरना के साथ ही छठ व्रतियों का करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा, जिसका समापन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होगा।

रविवार के दिन व्रती और उनके परिवार के सदस्य पूजा सामग्री के साथ छठ घाटों पर पहुंचेंगे। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाएगी। शाम को नदी, तालाब और निर्धारित छठ घाटों पर व्रती पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस साल 15 नवंबर को सूर्यास्त का अनुमानित समय शाम 5:27 बजे है।

4 दिवसीय महापर्व के अंतिम दिन 16 नवंबर को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। सोमवार सुबह सूर्योदय से पहले ही व्रती और श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचेंगे। उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही 4 दिनों तक चलने वाला कठिन अनुष्ठान संपन्न होगा। इस दिन सूर्योदय का अनुमानित समय सुबह 6:44 बजे है। अर्घ्य देने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर पारण करेंगे। इसके साथ ही परिवार और समाज के बीच प्रसाद वितरण की परंपरा निभाई जाएगी।

छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रकृति के प्रति आस्था का भी प्रतीक है। इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे