home page

स्टूडेंट फेडरेशन छठ पूजा समिति ने पूरी की बड़ा तालाब छठ घाट की तैयारी

 | 
स्टूडेंट फेडरेशन छठ पूजा समिति ने पूरी की बड़ा तालाब छठ घाट की तैयारी


रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी के बड़ा तालाब स्थित छठ घाट पर स्टूडेंट फेडरेशन छठ पूजा समिति ने शनिवार को सभी तैयारियां पूरी कर लीं। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए घाट परिसर में आकर्षक विद्युत और पुष्प सज्जा कराई गई है। इस वर्ष विशेष फूलों की सजावट के लिए कोलकाता से मालाकार बुलाए गए हैं।

समिति के संरक्षक राजीव रंजन मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पर्व के दौरान समिति के दर्जनों सदस्य सेवा कार्य में तैनात रहेंगे।

उन्होंने बताया कि व्रतियों की सुविधा के लिए समिति की ओर से गंगाजल और दूध की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके अलावा बड़ा तालाब परिसर स्थित सूर्य मंदिर को भी आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों से सजाया गया है।

राजीव रंजन मिश्रा ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बड़ा तालाब छठ घाट पहुंचने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना समिति की प्राथमिकता है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar