चंद्रवंशियों को आर्थिक शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनना होगा :डॉ. प्रेम कुमार
-चंद्रवंशी समाज को आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने पर मंथन
रांची, 23 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय एवं झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को विधायक क्लब, विधानसभा सभागार, रांची में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री सुदेश कुमार चंद्रवंशी ने किया।
बैठक में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से महासभा के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान चंद्रवंशी समाज की सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। समाज को संगठित और सशक्त बनाने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि चंद्रवंशी समाज को आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महासभा लगातार काम करेगी। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर और जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहयोग दिलाने के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकता और संगठन के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री सुदेश कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि राजनीतिक दलों और सरकारों को चंद्रवंशी समाज के हित, अधिकार और सम्मान की बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए युवाओं को आगे लाने और उन्हें सामाजिक एवं राजनीतिक नेतृत्व के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और विभिन्न राज्यों में महासभा की गतिविधियों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने समाज में एकजुटता बनाए रखने और सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में महामंत्री मुख्यालय रणविजय चंद्रवंशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रंजीत चंद्रवंशी, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ राम चंद्रवंशी, दक्षिण बिहार के अध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्रवंशी, उत्तर बिहार के अध्यक्ष रंजीत चंद्रवंशी, पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चंद्रवंशी, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष महेश्वर चंद्रवंशी, दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता राज सिंह चंद्रवंशी, झारखंड के प्रदेश महामंत्री वासुदेव राम चंद्रवंशी एवं वीरेंद्र राम चंद्रवंशी सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा हजारीबाग जिला अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी, छोटू वर्मा, बबलू चंद्रवंशी, डॉ. गणेश चंद्रवंशी, दुर्गा राम चंद्रवंशी, इंद्र राज आनंद, विनय वर्मा, जितेंद्र सिंह चंद्रवंशी, प्रवीण चंद्रवंशी, नीरज चंद्रवंशी, मोनू रमानी, शैलेश चंद्रवंशी और राजन वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
बैठक के अंत में समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया गया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

