home page

चाईबासा चेम्बर को मिलेगा स्थायी कार्यालय के लिए भूखंड : मंत्री

 | 
चाईबासा चेम्बर को मिलेगा स्थायी कार्यालय के लिए भूखंड : मंत्री


पश्चिमी सिंहभूम, 12 जुलाई (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में आयोजित चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पंचम वृहद रक्तदान और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में परिवहन एवं राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार मंत्री दीपक बिरुवा ने चेम्बर के लिए स्थायी कार्यालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि चेम्बर व्यापारिक हितों के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। स्थायी कार्यालय बनने से संस्था की सामाजिक और व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और व्यापारियों को एक सशक्त मंच प्राप्त होगा।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री दीपक बिरुवा, उपायुक्त मनीष कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष एवं चाईबासा चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पूजा कुमारी, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, डॉ. सौम्य सेनगुप्ता, डॉ. अजय अग्रवाल, चेम्बर अध्यक्ष संजय चौबे सहित अन्य अतिथियों ने किया। मौके पर अतिथियों का पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

शिविर में कुल 105 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जबकि 287 लोगों ने विभिन्न प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान 52 इच्छुक लोगों को हीमोग्लोबिन की कमी, उच्च या निम्न रक्तचाप और अन्य स्वास्थ्य कारणों से रक्तदान की अनुमति नहीं दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि यह निर्णय रक्तदाता और रक्त प्राप्त करने वाले दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन साबित हो सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

चेम्बर अध्यक्ष संजय चौबे ने स्वागत भाषण में कहा कि संस्था व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामाजिक दायित्वों का भी लगातार निर्वहन कर रही है। उन्होंने रक्तदान जैसे जनहित के अभियानों में समाज की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

नगर परिषद अध्यक्ष चाईबासा चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने बताया कि उनकी माता की पुण्यतिथि पर आयोजित यह शिविर उनके लिए भावनात्मक महत्व रखता है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से इसी तिथि पर आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर का संपूर्ण खर्च वह स्वयं वहन करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी और उद्योगपति मुकुंद रुंगटा ने रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य बताते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। वहीं डॉ सौम्य सेनगुप्ता ने आकस्मिक हृदयाघात की स्थिति में सीपीआर (सीपीआर) देने की सही प्रक्रिया का प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया। समापन कार्यक्रम का संचालन मुकेश मोदी ने किया।

शिविर में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा उद्यमी और शहरवासी शामिल हुए। सभी रक्तदाताओं को अतिथियों ने प्रशस्ति प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक