home page

रांची में चेन-स्नैचिंग गैंग का सरगना रंगीला मुठभेड़ में घायल, तीन अन्य गिरफ्तार

 | 
रांची में चेन-स्नैचिंग गैंग का सरगना रंगीला मुठभेड़ में घायल, तीन अन्य गिरफ्तार


रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची में महिलाओं को लगातार निशाना बना रहे चेन छिनतई गिरोह के खिलाफ रांची पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुट्टू गांव के पास पुलिस और कोढ़ा गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गिरोह का मुखिया रंगीला पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। मौके से उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने बताया कि राजधानी में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। इसके बाद विशेष टीम गिरोह के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। रविवार को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य रिंग रोड से सटे चुट्टू इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपितों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान रंगीला ने एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्य भी मौके से भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन छिनतई की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस को आशंका है कि इसी गिरोह ने लालपुर, बरियातू, डोरंडा समेत शहर के कई इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छिनतई के बाद लूटी गई सोने की चेन और अन्य सामान को गिरोह के सदस्य किसके माध्यम से खपाते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर हथियार, 10 से अधिक लूटी गई सोने की चेन और अन्य सामान बरामद किए हैं। गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और लूटे गए सामान के खरीदारों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे