home page

चेन छिनतई गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार

 | 
चेन छिनतई गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रांची में चेन छिनतई और बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली रिंग रोड में हुई चेन छिनतई की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपितों ने रांची के अलग-अलग इलाकों में 15 से ज्यादा चेन छिनतई और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय अजय आर्यन ने शुक्रवार को बताया कि 05 अगस्त 2026 को दलादली रिंग रोड में बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से चेन छीन ली थी। घटना की सूचना मिलते ही दलादली टीओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय ने आसपास के थानों को अलर्ट करते हुए वाहन जांच शुरू की।

डीएसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता और पूर्व के अपराधियों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसके बाद पुलिस ने गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फनी सोनार, मो फहीम अंसारी, मो साकिब उर्फ देवा और दीपक सोनार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के पास से छिनी गई सोने की चेन के टुकड़े, चोरी की बाइक और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने उस दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है, जिसके पास आरोपित कथित तौर पर छिनी हुई सोने की चेन बेचते थे। उसके पास से गलाए हुए सोने से बनाए गए आभूषण और नकदी बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपितों के पास से करीब 26 ग्राम सोने के चेन के टुकड़े और गलाए हुए सोने से बने आभूषण, करीब 240 ग्राम चांदी की 18 चेन, तीन स्मार्टफोन, 44 हजार रुपये नकद, एक पल्सर और एक अपाचे बाइक बरामद की गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल हेलमेट, जूते, कपड़े और वजन मापने का यंत्र भी बरामद किया गया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने रांची के अलग-अलग इलाकों में 15 से अधिक चेन छिनतई और बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

पुलिस अब आरोपितों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ उनके द्वारा बताई गई अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है। बरामद बाइक और आभूषणों के संबंध में भी पुलिस संबंधित मामलों से मिलान कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे