home page

चेन छिनतई गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार

 | 
चेन छिनतई गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार


रांची, 25 मई ( हि.स.)। कोतवाली थाना की पुलिस ने दो घंटे के भीतर महिला की सोने की चेन और बाली छिनतई करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के सरगना सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में अमन सिंह, रोहित ठाकुर और रोहित सिन्हा शामिल हैं। सभी किशोरगंज के रहने वाले हैं। हालांकि गिरोह के अन्य सदस्य पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को बताया कि किशोरगंज निवासी कृष्णा शाहदेव हर दिन मॉर्निंग वॉक पर जाती थीं। छह उचक्के कई दिनों से महिला की रेकी कर रहे थे। इसी बीच सोमवार को भी जब वह हरमू से मॉर्निंग वॉक कर लौट रही थीं, तभी बाइक सवार उचक्के ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली। महिला के कान की बाली भी खींच ली और किशोरगंज रोड नंबर-1 की ओर भाग निकले। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने मामले को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो घंटे के भीतर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपिताें के पास से पुलिस ने लूटा गया सोने का सामान, घटना में इस्तेमाल बाइक, तीन मोबाइल फोन और दो मास्क बरामद किए हैं।

बरामद सामान में कान का सोने जैसा टॉप्स, झुमका, गले का चेन और बाइक (जेएच 01एजी 9851) शामिल है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ रांची के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

लूटपाट का आरोपित गिरफ्तार

वहीं सदर थाना पुलिस ने कांटा-टोली कोकर चौक के बीच लूट पाट करने के मामले में दिलकश गद्दी को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 24 मई की रात कांटा-टोली कोकर चौक के बीच में कब्रिस्तान के समीप चार अपराधियों ने हथियार और चाकू का भय दिखाकर टोटो पर सवार यात्रियों से मोबाईल एवं पैसे लूट लिये थे। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसके परास से एक लोडेड देशी कट्टा,चाकू, तीन मोबाईल फोन बरामद किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित पर पूर्व से दो मामले दर्ज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे