शतरंज प्रतियोगिता के विजेता बने राजेश
पश्चिमी सिंहभूम, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में और एसआर ग्रुप के सौजन्य से आयोजित 15 वीं पदमाबाई रुंगटा मेमोरियल जिला शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के आठवें और अंतिम चक्र में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बोर्ड नंबर एक पर मणिदीप मुखी और नरेंद्र नाथ पांडे के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। बोर्ड नंबर दो पर राजेश कुमार ने आदित्य शाह को हराकर निर्णायक बढ़त बनाई। बोर्ड नंबर तीन पर बसंत खंडेलवाल ने देराज कुमार को पराजित किया, जबकि बोर्ड नंबर चार पर मनीष शर्मा ने विश्वदीप ठक्कर को हराया।
अंतिम परिणाम में राजेश कुमार ने 07 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। उन्हें 6,000 रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। समान सात अंकों के साथ मणिदीप मुखी दूसरे और बसंत खंडेलवाल तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें क्रमशः 4000 और 2500 रुपये का नकद पुरस्कार मिला। नरेंद्र नाथ पांडे 6.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे और उन्हें 2000 रुपये से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के आधार पर चार खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया, जो जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंडर-15 बालक वर्ग में प्रत्यूष गुप्ता प्रथम और ललित किशोर द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि अंडर-15 बालिका वर्ग में शालू कुमारी प्रथम और कंपनीज मुंडा द्वितीय स्थान पर रही। अंडर-13 बालक वर्ग में आदित्य वर्धन शर्मा प्रथम और हिमांशु महतो द्वितीय स्थान पर रहे, वहीं अंडर-13 बालिका वर्ग में अदिति प्रथम और आदर्शनी महतो द्वितीय स्थान पर रही। अंडर-11 बालक वर्ग में आह्वान मजूमदार प्रथम और ईशान केजरीवाल द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि अंडर-11 बालिका वर्ग में अदित्रि दे प्रथम और तनिष्का प्रजापति द्वितीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम की शुरुआत में अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं नितिन प्रकाश ने कहा कि जिले में लगातार शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है, जिससे यहां के खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन जयदेव चंद्र त्रिपाठी ने किया।
समापन समारोह में संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा,संरक्षक और नगरपालिका अध्यक्ष नितिन प्रकाश,संरक्षक दीपेंद्र प्रसाद साव,उपाध्यक्ष जहांगीर आलम, सोहन लाल मूंदड़ा तथा महासचिव बसंत खंडेलवाल, जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह,अनिल खिरवाल,पवन खिरवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

