मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने भरा इन्यूमरेशन फॉर्म
रांची, 04 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को अपना इन्यूमरेशन फॉर्म स्वयं भरकर उस पर हस्ताक्षर किए और 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-374 की बीएलओ अन्नु कच्छप को सौंप दिया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की कि जब बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उनके घर पहुंचें, तो वे बिना विलंब किए अपना और अपने परिवार के सदस्यों का इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर अथवा भरवाकर उस पर हस्ताक्षर कर बीएलओ को तत्काल जमा करें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बीएलओ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने मतदान केंद्र क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचकर यह कार्य पूरा करना है। ऐसे में नागरिकों का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे बीएलओ के आने का इंतजार करने के बजाय आवश्यकता पड़ने पर स्वयं भी उनसे संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
के. रवि कुमार ने राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों और पदाधिकारियों से भी विशेष आग्रह किया कि वे अपनी सुविधा के अनुसार जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों का इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह भारत निर्वाचन आयोग के उस संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाए, जिसके तहत एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से न छूटे और एक भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि राज्य की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बन सके।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के आवास पर 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) सुदीप्त राज, बीएलओ सुपरवाइजर तथा कंप्यूटर ऑपरेटर भी उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

