home page

केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल को बनाया कमाई का जरिया : कमलेश

 | 
केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल को बनाया कमाई का जरिया : कमलेश


रांची, 26 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ मंगलवार को राज्य भर के पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर विरोध जताया।

इसी के तहत राजधानी रांची के रातू रोड, कचहरी रोड, हरमू रोड, डोरंडा, बिरसा चौक, लालपुर सहित अनेक पेट्रोल पम्पों पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

शाम में कांग्रेस भवन से घोड़ा गाड़ी के साथ जुलूस की शक्ल में कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए लालपुर पेट्रोल पम्प पहुंचे, जहां हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत प्रदेश अध्यक्ष ने किया।

हस्ताक्षर अभियान के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोगों में केंद्र सरकार के प्रति लोगों में काफी गुस्सा है। आम लोग, वाहन चालक, युवा, महिला और व्यवसायियों ने बढती मंहगाई एवं ईधन मूल्य वृद्धि को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल को जनता की जरूरत नहीं बल्कि कमाई का जरिया बना दिया है।

ईंधन मूल्य वृद्धि के कारण बढ़ी परिवहन लागत

अंतरराष्ट्रीय बाजार कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ाये जा रहे हैं, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन मूल्य वृद्धि के कारण परिवहन लागत बढ़ी है, जिससे खाद्य सामग्री, सब्जी, दाल, दूध और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और देश का मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और युवा सबसे अधिक परेशान हैं। किसानों की खेती की लागत बढ़ चुकी है। ट्रांसपोर्ट सेक्टर प्रभावित है। आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।

मौके पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान केवल विरोध कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। हस्ताक्षर अभियान में आम जन मानस का समर्थन इस बात का प्रमाण है कि जनता अब केंद्र सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है।

कार्यक्रम में पार्टी नेता प्रदीप तुलस्यान, सुनीत शर्मा, रविन्द्र सिंह, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, अभिलाष साहू, सूर्यकांत शुक्ला, राजेश सिन्हा सन्नी, राजन वर्मा, संजय कुमार, उज्जवल प्रकाश तिवारी, केदार पासवान, टिंकु वर्मा, निरंजन शर्मा, बिनोद सिंह, राजू राम, राजीव प्रकाश चौधरी उर्फ चिंटु सहित सैंकड़ों कांग्रेसजनों ने अलग-अलग पेट्रोल पम्पों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak