home page

केंद्र भेल के जरिए कर रहा एचईसी के कर्मियों के भुगतान से बचने का उपाय : लालदेव

 | 
केंद्र भेल के जरिए कर रहा एचईसी के कर्मियों के भुगतान से बचने का उपाय : लालदेव


रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन एटक के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने कहा है कि वे पिछले पांच वर्षों से एचईसी कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के बकाया भुगतान को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री, भारी उद्योग मंत्री सहित संबंधित विभागों के सचिवों को पत्र लिखते आ रहे हैं। लेकिन यह सभी पत्र एचईसी प्रबंधन के पास वापस लौटकर आ जाता है और एचईसी प्रबंधन आर्थिक संकट का हवाला देते हुए भुगतान करने में असमर्थता जताता है। लालदेव सिंह ने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञिप्त में एचईसी के कर्मचारियों के बकाया भुगतान को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भेल प्रबंधन को एचईसी चलाने के लिए नहीं भेजा है, बल्कि कर्मचारियों और रिटायर कर्मियों के बकाया भुगतान से बचने का उपाय किया जा रहा है।

लालदेव सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को मालूम है कि बिना आर्थिक मदद के एचईसी प्रबंधन बकाया राशि का भुगतान नहीं कर सकता। इसके बावजूद सरकार की ओर से आर्थिक सहायता नहीं देने और एचईसी को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लेने से कर्मचारियों की देनदारियां लगातार बढ़ रही हैं।

लालदेव सिंह ने पीएफ, श्रम विभाग और ईएसआई जैसी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वेतन, ग्रेच्युटी और सीपीएफ सहिेत अन्य कानूनी बकाया लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन संबंधित संस्थाओं की ओर से प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर वे अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को विवश हो चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar