home page

जनगणना के तहत 10 मई से चलेगा सेल्फ एन्यूमेरेशन ड्राइव

 | 
जनगणना के तहत 10 मई से चलेगा सेल्फ एन्यूमेरेशन ड्राइव


रांची, 09 मई (हि.स.)। जनगणना-2027 के तहत रांची जिले में 10 मई 2026 को विशेष सेल्फ एन्यूमेरेशन ड्राइव चलाया जाएगा। उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को जिलेवासियों से दोपहर 12 बजे से एक बजे तक डिजिटल माध्यम से स्वगणना में भाग लेने की अपील की है।

जिला प्रशासन के निर्देश पर समाहरणालय, प्रखंड, अंचल कार्यालयों, पंचायत सचिवालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यापक स्तर पर सेल्फ एन्यूमेरेशन अभियान संचालित किया जा रहा है। अधिकारी और कर्मी ऑनलाइन स्वगणना कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।

प्रशासन ने बताया कि नागरिक एसई डॉट सेंसस डॉट गोव डॉट इन पोर्टल पर जाकर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना पूरी होने के बाद प्राप्त एसई-आईडी को सुरक्षित रखना होगा, जिसे बाद में प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। हालांकि यह प्रक्रिया पूरी तरह ऐच्छिक है।

ऑनलाइन विवरण नहीं देने वालों के घर प्रगणक पहुंचकर जानकारी संग्रहित करेंगे।

उपायुक्त ने कहा है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में एक मई से 15 मई तक स्वगणना और 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण एवं घर-घर गणना कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक परिवार और मकान का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना से जुड़ी सभी सूचनाएं जनगणना अधिनियम-1948 के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। किसी भी प्रकार की सहायता और तकनीकी सहयोग के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar